नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत राष्ट्रीय सुरक्षा या परमाणु परीक्षण के मामलों में किसी अन्य देश के दबाव में नहीं आएगा. सरकार इन मुद्दों पर राष्ट्रहित को ध्यान में रख कर फैसला लेगी. श्री सिंह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पाकिस्तान, चीन एवं रूस समेत कई देशों द्वारा परमाणु परीक्षण किये जाने का दावा करते हुए अमेरिकी सेना को भी परमाणु परीक्षण करने की अनुमति देने की बात कहे जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे. अमेरिका और पाकिस्तान के संभावित परमाणु परीक्षणों की चर्चाओं पर राजनाथ सिंह ने भारत का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत किसी भी दबाव में नहीं आएगा, न कुछ करेगा. उन्होंने कहा कि भारत वही करेगा, जो उसे सही लगेगा. उन्होंने कहा- वह सही समय पर सही कदम उठाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन तभी रोका गया जब भारत ने नियंत्रण रेखा पर अपने सभी लक्ष्यों को हासिल कर लिया था. उन्होंने बताया कि भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के डीजीएमओ द्वारा भारत के डीजीएमओ को बार-बार सीजफायर की कॉल आ रही थी. सेना ने जब अपना ऑपरेशन पूरा कर लिया उसके बाद सीजफायर किया गया. उन्होंने कहा कि यदि आगे जरूरत पड़ती है तो भारत इसे फिर से करेगा.अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने के किये जा रहे दावों पर रक्षामंत्री ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर सिर्फ पाकिस्तान के डीजीएमओ के अनुरोध पर किया गया था. वहीं पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर को फील्ड मार्शल बनाए जाने पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यह प्रमोशन उन्होंने खुद ही ले लिया है.














