Deoghar : लंबे अंतराल के बाद गुरुवार को बाबा मंदिर (बैद्यनाथ धाम) श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. इसके साथ ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया. लेकिन इस दौरान कोरोना को लेकर काफी एहतियात बरता जा रहा है. सरकार की ओर से मिली गाइडलाइन के मुताबिक ही श्रद्धालुओं को प्रवेश करने की अनुमति दी जा रही है. दूसरी ओर दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ मंदिर भी गुरुवार से खुल गया. दोनों ही मंदिरों में गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है.
गाइडलाइन के अनुसार देवघर स्थित बाबा मंदिर में एक घंटा में 50 और बासुकीनाथ मंदिर में 40 श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जा रही है. प्रतिदिन मंदिर चार घंटे ही श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा. इस तरह बाबा मंदिर में एक दिन में 200 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे. इसमें भी आवश्यक शर्त यह है कि श्रद्धालु झारखंड राज्य से ही हो. गौरतलब है कि कोरोना संकट को लेकर मंदिर को बंद रखा गया था. इस कारण पावन महीना सावन में भी यहां श्रावणी मेले का आयोजन नहीं किया गया. हर वर्ष की तरह कांवर चढ़ाने वाले कांवड़िया व अन्य श्रद्धालु भी नहीं आये. हाल ही में न्यायालय के आदेश के बाद मंदिर को खोला गया है. पहले दिन मंदिर खुलने पर श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया. मंदिर का पट खुलते ही मंदिर प्रांगण व आसपास का क्षेत्र बाबा भोले नाथ के जयकारे से गूंज उठा.








