देवघर : झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की देवघर जिला इकाई की एक बैठक स्थानीय कुष्ठ आश्रम रोड स्थित संघ कार्यालय में हुई. संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र व अलका कुमारी की सुंयुक्त अध्यक्षता में संपन्न बैठक में मुख्य रूप से 2211 के कर्मचारियों के 2210 शीर्ष में समायोजन, अविलंब वेतन भुगतान, अनुबंध कर्मचारियों के सीधे समायोजन की मांग को लेकर आगामी 16 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास के घेराव में जिले से सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विचार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इन मुद्दों पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कापरी, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र, सचिव अरुण प्रसाद यादव, एएनएम संघ की जिलाध्यक्ष अलका कुमारी व सचिव संगीता राजहंस ने भी अपने विचार रखे. चर्चा के बाद सभी अनुबंध कर्मियों के 16 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास के घेराव कार्यक्रम में शामिल होने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. पारा मेडिकल कर्मचारियों के निबंधन के लिए पुनः सिविल सर्जन से मांग करने तथा 2211 शीर्ष को तत्काल वेतन भुगतान करते हुए उन्हें 2210 शीर्ष में स्वीकृत रिक्त पदों के विरुद्ध स्वास्थ्य केंद्र में वरीयता के आधार पर समायोजन की मांग करने का निर्णय भी लिया गया. बैठक में सुनील कुमार, बुद्धिनाथ झा, निरंजन कुमार, रानी कुमारी, रीता कुमारी, लता कुमारी, आभा देवी, नीतू सिन्हा, नमिता कुमारी आदि सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे.



