संतोष वर्मा
चाईबासा : कोरोना वायरस से बचाव को लेकर देश में लगे लॉक डाउन के दौरान राज्प के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा इन दिनों अपनी पुस्तैनी खेतिहर जमीन पर हरी-भरी सब्जी उपजाने के लिए पसीना बहा रहें है. सब्जी को लोगों तक पहुंचाने के लिए सब्जी मण्डी में उतरने की भी तैयारी कर रहें है. वहीं पत्नी सांसद गीता कोड़ा भी अपने पती को पूरा सहयोग कर रही हैं. वैसे विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री रह चुके पूर्व सीएम मधु कोड़ा के लिए खेती करना कोई नयी बात नहीं है. जब भी उन्हें समय मिलता है वह हल और कुदाल लेकर खेत में पहुंच जाते हैं.
आज लॉकडाउन में पूरा देश अपने-अपने घरों में कैद हैं, वैसे में पूर्व सीएम मधु कोड़ा भी अपनी सांसद पत्नी और तीन बच्चों के साथ अपने पैतृक गांव जगन्नाथपुर के पाताहातु में हैं. जहां वह सुबह उठते ही कुदाल लेकर खेती करने में जुट जाते हैं. इसमें उनके छोटे बच्चे भी साथ हो लेते हैं. पूर्व सीएम मधु कोड़ा अपने आवासीय परिसर के ठीक बगल वाले खेत में इन दिनों सब्जी की
खेती कर रहे हैं, इन खेतों में वे भिंडी, खीरा, परवल, लौकी, बीम, टमाटर, मिर्च, धनिया जैसे कई तरह की सब्जियां उगाने में जुटे हैं.
पूर्व सीएम कुदाल और गैंता लेकर सब्जी के क्यारियों को रोज सुबह किनारे-किनारे जमीन खोदते हैं, ताकि उनमें नमी बनी रहे. इसके बाद वे नये प्लॉट को एक बार में खोद डालते हैं, जहां वे नयी सब्जी का पौधा लगाते है या बीज रोपते हैं. ऐसा वे रोजाना सुबह करते हैं. खेत में काम करने के दौरान ही पूर्व सीएम बात करते हुए देश-राज्य और जिले के सभी लोग लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील करते हैं. पूर्व सीएम ने कहा कि जान है तो जहान हैं. हम सभी जीवित रहेंगे, तभी अपने परिवार, देश और समाज के काम आ सकते हैं. इसलिए सुरक्षा पहले है.
मधु कोड़ा ने कहा कि इसलिए वे शहर छोड गांव आ गएं हैं और खाली समय में खेती में जुट गएं हैं, इससे मुझे शाररिक मजबूती मिलती है तो मानसिक रूप से शांति मिलती है. शरीर और मन स्वस्थ्य रहने से बीमारी से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और कोरोना जैसी बीमारी भी कुछ नहीं बिगाड सकती है. पूर्व सीएम मधु कोडा के खेती में उनकी सांसद पत्नी गीता कोड़ा भी पूरी मदद करती है.
गीता कोड़ा, मधु कोड़ा का हर तरह से हौसला बढाती है. जब खेत में काम कर रहे होते हैं तब उनका दूर से ही उनका ख्याल रखती है, बीच-बीच में बच्चों से पानी भेजवाती है. सांसद गीता कोड़ा कहती हैं कि दोनों तालमेल कर परिवार चलाते हैं. मधु कोड़ा अन्नदाताओं के लिए एक संदेश दे रहे हैं. घर-परिवार से समय निकाल कर लॉकडाउन में जनता के परेशानियों से रूबरू होती रहती है. सांसद ने कहा कि अभी खेती का समय शुरू हो रहा है, ऐसे में सरकारें किसानों पर ज्यादा फोकस करें, नहीं तो देश को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है.






