नई दिल्ली: दिल्ली निजामुद्दीन की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में रविवार तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. घटना आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशनों के बीच घटी. प्राथमिक जानकारी के अनुसार त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस रतलाम से रवाना हुई थी. आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा. सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच ट्रेन के बी-1 कोच में आग लग गई. गार्ड ने तुरत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद रेल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल कर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया. घटना का क्षेत्र रेलवे के कोटा रेल मंडल अंतर्गत आता है. आग लगने के कारण दो कोच पूरी तरह जल गए. अभी तक जनहानि की कोई सूचना नहीं आई है. नई दिल्ली मुंबई रेल मार्ग पर परिचालन प्रभावित हुआ है और कई ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर रोका गया है.







