जमशेदपुर: जमशेदपुर के पोटका थाना अंतर्गत चमाईजुड़ी गांव में शनिवार देर शाम पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घटना में घायल हुए 56 वर्षीय अनिरुद्ध तांती की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी बेटे विजय पात्रो (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.जानकारी के अनुसार, विजय पात्रो नशे का आदी था. परिवार के लोग उसे कई बार नशा छोड़ने की सलाह देते थे. बताया जाता है कि अनिरुद्ध तांती भी अपने बेटे को लगातार नशा करने से मना करते थे. शनिवार देर शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पिता-पुत्र के बीच हाथापाई होने लगी. इसी दौरान गुस्से में आकर विजय ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया.(नीचे भी पढ़े)
हमले में अनिरुद्ध तांती गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें तत्काल पोटका अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात अनिरुद्ध तांती की मौत हो गई.घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे विजय पात्रो को हिरासत में ले लिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा घटना के कारणों और इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है. रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.







