
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बेरमो के विधायक और मजदूर नेता राजेन्द्र सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि विचारधारा में भिन्नता होने के बाद भी व्यक्तिगत संबंध निभाने में राजेंद्र बाबू एक मिसाल थे. उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. झारखण्ड ने एक माटी से जुड़े नेता को खो दिया है. उनके निधन से जो स्थान रिक्त हुआ है, उसे भरना बहुत मुश्किल होगा.
डॉ गंगा प्रसाद सिंह, निदेशक, आईएमएस
रांची स्थित आईएमएस के निदेशक डॉ गंगा प्रसाद सिंह ने कहा है कि झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पूर्व मंत्री और बेरमो के विधायक रहे राजेंद्र प्रसाद सिंह के अचानक निधन का समाचार सुनकर मन बहुत ही दुखित हुआ है. राजेंद्र प्रसाद सिंह जी एक बहुत ही नेक दिल इंसान और लोगों को हर वक्त मदद करने वाले नेता थे. वे लोगो के अधिकार के लिये हमेशा ही संघर्षरत रहते थे. उनके निधन से झारखंड ने एक जुझारू नेता खो दिया है, जिसकी क्षतिपूर्ति नहीं की जा सकती है. ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख की घड़ी में सहन करने की शक्ति प्रदान करें.















