
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के कोकपाड़ा स्टेशन के पास रेलवे द्वारा थर्ड लाइन निर्माण कार्य किया जा रहा है. हालांकि कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. लॉकडाउन होने से निर्माण कार्य बंद है. ग्रामीणों ने बताया कि विगत 35-40 दिनों से साइड पर कार्य बंद है, मजदूर भी नहीं थे. कम्पनी का एक मजदूर देखभाल करने के लिए यहां रूका हुआ था, परंतु रविवार को चार मजदूर लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए सब्जी की गाड़ी में बैठकर कोलकाता से मुटुरखाम पहुंचे हैं. चार मजदूरों के कोलकाता से आकर रेलवे ट्रेक किनारे तंबू लगाकर रहने की सूचना पाकर कई गांव के ग्रामीण साइड पर पहुंच गये और हंगामा करने लगे.

ग्रामीणों ने कहा कि चारों मजदूर कोलकाता से आये हैं और कोलकाता को रेड जोन घोषित किया गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा बनाये गये बॉर्डर पर चेकनाका पर प्रश्न खड़ा करते हुए कहा कि चेकनाका होने के बावजूद भी कैसे बंगाल से मजदूर झारखंड में प्रवेश कर रहे हैं. ग्रामीणों ने इसकी सूचना बीडीओ लेखराज नाग को दी है. इस संबंध में बीडीओ ने कहा कि मजदूर बंगाल से चाकुलिया कैसे पहुंचे हैं, वह इसकी जानकारी लेगें और उचित कार्रवाई करेंगे.















