घाटशिला : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है. सभी दल अपने-अपने तरीके से जनता के बीच जाकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं. इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश सोरेन को जीत दिलाने के लिए झामुमो के जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी पूरी शिद्दत के साथ क्षेत्र में सक्रिय हैं. विधायक मंगल कालिंदी सुबह से ही अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करते हैं. वे गांवों और चौक-चौराहों पर लोगों के साथ चाय की चुस्की लेते हुए उनसे बातचीत करते हैं और झामुमो को समर्थन देने की अपील करते हैं. इस दौरान वे जनता की समस्याएं भी सुनते हैं और भरोसा दिलाते हैं कि सोमेश सोरेन क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी को मजबूती से निभाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)

दिनभर वे झामुमो कार्यकर्ताओं की टीम के साथ विभिन्न गांवों और टोला-मोहल्लों में पहुंचते हैं. वहां आम लोगों, युवाओं, महिलाओं और किसानों से मुलाकात कर उन्हें चुनाव के महत्व के बारे में बताते हुए सोमेश सोरेन के पक्ष में वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं. वे लोगों को यह भी समझा रहे हैं कि स्वर्गीय रामदास सोरेन ने हमेशा जनता के बीच रहकर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया था और सोमेश सोरेन उसी जनसमर्पित सोच को आगे बढ़ाएंगे. मंगल कालिंदी रात में भी अपने जनसंपर्क अभियान को जारी रखते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

वे डोर-टू-डोर जाकर लोगों के दरवाजे पर दस्तक देते हुए मुलाकात कर रहे हैं और उनसे सोमेश सोरेन को आशीर्वाद स्वरूप वोट देने की अपील कर रहे हैं. झामुमो कार्यकर्ता तथा समर्थक भी पूरे उत्साह और जोश के साथ इस अभियान में जुटे हुए हैं. क्षेत्र में उपचुनाव को लेकर माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है.













