नयी दिल्ली: दिल्ली से महोबा जा रही एक चलती स्लीपर बस में ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई है. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस लपटों से घिर गई. बस में लगभग 40 से 50 लोग सवार थे. आग लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई. यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों के शीशे तोड़े और बाहर कूदने की कोशिश की.घटना के संबंध में बताया जाता है कि ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आग की चपेट में आई बस के चालक और परिचालक ने जलने की गंध को नजरअंदाज किया और यात्रियों की बार-बार चेतावनी के बावजूद बस रोकने से इनकार कर दिया. एक यात्री की शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में यह आरोप लगाया गया है. प्राथमिकी के अनुसार, जलने की गंध आने पर यात्रियों ने शोर मचाया और चालक से बस रोकने को कहा, लेकिन चालक और परिचालक ने कथित तौर पर ऐसा करने से इनकार करते हुए कहा, अगर मरना है तो मर जाओ, हम बस नहीं रोकेंगे. बुधवार देर रात दिल्ली से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही एक बस में ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई. (नीचे भी पढ़े)

हमीरपुर जिले के निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर जेवर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि वह बुधवार रात करीब नौ बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट से राज कल्पना ट्रैवल्स की बस में सवार हुए थे. उनके अनुसार, बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे. शिकायत के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे बस यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी यात्रियों को चालक के केबिन से जलने की गंध आने लगी.उन्होंने आरोप लगाया, चेतावनी दिए जाने के बावजूद चालक ने गंध को बस में आने वाली सामान्य गंध बताकर नजरअंदाज कर दिया और वाहन की जांच करने के लिए बस नहीं रोकी. चालक और परिचालक केबिन में बीड़ी और सिगरेट पीते रहे और कुछ ही देर बाद चालक की सीट के पास अचानक आग की लपटें उठने लगीं. शिकायत में कहा गया है कि जब तक बस रुकी, तब तक आग फैल चुकी थी और वाहन धुएं से भर गया था. कुमार ने बताया कि वह और कई अन्य यात्री किसी तरह बस से कूदकर बाहर निकले, जबकि कुछ लोग अंदर फंसे रह गए.


















