अहमदाबाद: गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 18 मजदूरों की मौत की सूचना है. पांच गंभीर रूप से झुलस गये हैं. सभी मजदूर मध्य प्रदेश के रहने वाले थे.जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में बॉयलर फटने से ब्लास्ट हुआ. पूरी फैक्ट्री में आग फैल गयी. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां कामकर रहे मजदूरों को भागने का मौका नहीं मिला. वहीं, आग लगने की सूचना पाकर फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. इसके अलावा, कई मजदूर अभी घायल बताए जा रहे, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है.बनासकांठा के डीसा जीआईडीसी में आतिशबाजी के गोदाम का है, जहां अचानक मंगलवार दोपहर में आग लग गयी, फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है. आग लगने के कारण फैक्ट्री का स्लैब भी टूट कर गिर गया, जिसके कारण बचाव काम में बाधा पैदा हो गयी और थोड़ी देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का महौल बन गया. डीसा तालुका पुलिस सहित प्रशासनिक कर्मियों की एक टीम घटनास्थल पर है.(नीचे भी पढ़े)
मिली जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री का नाम दीपक ट्रेडर्स हैं, कंपनी में पटाखे बनाने का काम होता था. फिलहाल मौके से मलबा हटाने का काम जारी है. वहीं एसडीआरएफ की टीम पहुंची और गोदाम से शवों को निकालना शुरू किया है. जिला कलेक्टर माहिर पटेल मौके पर पहुंचे और खबर आ रही है कि फैक्ट्री मालिक दीपक खूबचंद्र सिंधी अभी फरार हो गए हैं. हालांकि आग लगने का कारण अभी तक सामने नहीं आया है.इस घटना के संबंध में जिले के एसपी अक्षयराज मकवाना ने बताया कि अब तक मलबे से 18 शव बरामद किये जा चुके हैं. ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री का स्लैब गिर गया. मजदूर उसके नीचे दब गये. मरने वाले सभी मजदूर मध्य प्रदेश के बताये जाते हैं. पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक खूबचंद सिंधी के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत केस दर्ज किया है. आरोपी को गिरफ्तार किया जायेगा. सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री में पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था, जबकि फैक्ट्री मालिक के पास केवल पटाखे बेचने का लाइसेंस था.गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दर्दनाक है इस मुश्किल समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिये हैं.गुजरात सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने घायलों के स्वस्थ होने की कामना करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया.



