
घर में रखे सारे सामान व दो हजार रुपये जल कर खाक
- उज्ज्वला योजना के तहत मिला था गैस चूल्हा व सिलेंडर
- विधायक कुणाल षाड़ंगी ने 108 एंबुलेंस बुलाकर तीनों को सीएचसी भेजवाया व बेहतर इलाज का दिया निर्देश
- भाजपा नेता समीर मोहंती ने सीएचसी पहुंच कर जाना पीड़ितों का हाल, आर्थिक सहायता की
- मां व बेटा दोनों एमजीएम रेफर
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत के दुर्गाडीह गांव के ढ़ेगाडीह टोला निवासी सिंगराय किस्कू के घर में मंगलवार की रात गैस लीकेज होने के कारण आग लग गयी. इससे घर समेत घर मे रखा सारा समान जल कर खाक हो गया. वही पत्नी साझो किस्कू (34), बेटी कालो किस्कू (8) और पुत्र मनसाराम किस्कू (5) आग से झुलस गये हैं. ग्रामीणों ने इसकी सूचना विधायक कुणाल षाड़ंगी को दी. विधायक श्री षाड़ंगी ने स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सूचना देकर 108 एम्बुलेंस से मरीजों को अस्पताल भेजवाया तथा बेहतर उपचार करने की बात कही. मरीजों को झामुमो नेता मोहन सोरेन और मनोरंजन महतो ने 108 एम्बुलेंस से सीएचसी लाया. डॉक्टर सम्पा मन्ना ने प्राथमिक उपचार किया. समाचार लिखे जाने तक मरीजों का इलाज सीएचसी में किया जा रहा है. सूचना पाकर भाजपा नेता समीर महंती भी सीएचसी पहुंचे और घटना की जानकारी ली. देर रात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा सुरेश चंद्र महतो ने मां और बेटे को बेहतर इलाज के लिये एमजीएम रेफर कर दिया. परिवार के पास पैसे नहीं होने पर समीर महंती ने तत्काल परिवार को एक हजार रुपये और मनसाराम किस्कू को एक पेंट और शर्ट खरीद कर दिया. सिंगराय किस्कू ने घटना के संबंध में बताया कि उसकी पत्नी ने बरामदे में जैसे ही ढिबरी जलायी, घर में आग लग गयी. कुछ माह पूर्व ही उसे उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा और सिलेंडर मिला था. घटना से प्रतीत होता है कि गैस रिसाव होने से घर में आग लगी है. कहा कि इस घटना से घर में रखे 48 क्विंटल धान, जरूरी कागजात और नगद 2 हजार रुपये समेत सारा समान जल कर खाक हो गया है.
















