
जमशेदपुर : जमशेदपुर से ओड़िशा तक के अमलगमग स्टील के करीब एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर आयकर विभाग की ओर से छापामारी की गयी है. इसी स्टील कंपनी ने हाल ही में आधुनिक स्टील के टेकओवर की प्रक्रिया बढ़ायी है. ओड़िशा के भुवनेश्वर से आयी आयकर विभाग की टीम ने यह छापामारी की है. इसके तहत सरायकेला-खरसावां जिला के कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड प्राइवेट लिमिटेड और अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के दफ्तर में आयकर विभाग की भुवनेश्वर की टीम ने छापामारी की. इस छापामारी के अलावा भुवनेश्वर में भी आयकर विभाग की टीम छापामारी कर रही है. बिष्टुपुर स्थित शांति हरि ओम टावर में आधुनिक स्टील से जुड़े एक दफ्तर, जिसका टेकओवर अमलगम स्टील ने किया है, वहां भी आयकर विभाग की टीम ने छापामारी की है. आयकर विभाग की टीम ने कुछ भी बोलने से साफ तौर पर इनकार कर दिया है. बताया जाता है कि अमलगम स्टील का संचालन राजीव मिश्रा और घनश्याम मिश्रा नामक माइंस संचालित करने वाले बंधुओं द्वारा किया गया है. हाल में देश की कई कंपनियों का टेकओवर भी इस कंपनी ने ही की है. आधुनिक स्टील को भी टेकओवर करने की बातें सामने आयी है. जांच के दौरान कई गड़बड़िया पायी गयी है. जांच करने के लिए सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पहुंची टीम में क्षेत्रीय उपनिदेशक,दो इनकम टैक्स पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल है. इस दौरान किसी को भी बाहर निकलने नहीं दिया गया और किसी को अंदर जाने भी नहीं दिया गया. कंपनी से जुड़ी सारे दस्तावेजों की भी जब्त किया गया है. इस मामले को लेकर आधुनिक स्टील से जुड़े अधिकारी, अमलगम स्टील के अधिकारी से बातचीत करने की कोशिश की गयी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पायी. इनकम टैक्स के अधिकारी भी कुछ कहने को तैयार नहीं है. बताया जाता है कि भुवनेश्वर के मिश्रा बंधुओं द्वारा कई सारे माइंस का संचालन किया जाता है. इनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू हुई है. मिश्रा बंधु ही गुरुमहिसानी माइंस का संचालन भी किया जाता है.




