
जमशेदपुर : अब ट्रेनों में अकेले सफर कर रही महिलाओं को डरने की जरूरत नहीं है. रेलवे ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए सहेली अभियान की शुरुआत की है. इसके लिए रेलवे पुलिस बल ने महिला विंग तैयार किया है जो चलती ट्रेन में महिलाओं की समस्या को सुनकर उसका समाधान करेंगा. ऐसा ट्रेनों में महिलाओं के साथ बढ़ रही वारदातों को लेकर किया जा रहा है. कई बार महिलाओं के समक्ष ऐसी समस्या आ जाती है कि वे पुरुष पुलिस कर्मियों को बता नहीं पाती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने महिलाओं को इसके लिए रखा है. इसकी शुरुआत टाटानगर से गुजरने वाली तीनों ट्रेन में की जा चुकी है. हावड़ा-मुंबई मेल, हावड़ा यशवंतपुर और हावड़ा अहमदाबाद से इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है. इस टीम में शामिल महिला पदाधिकारी ट्रेन के प्रत्येक कोच में जाकर महिलाओं को मेरी सहेली की जानकारी दे रही हैं. साथ ही उन्हे इसके लिए जागरूक भी किया जा रहा है. इसके साथ ही अगर कोई महिला सहेली अभियान में अपनी समस्या बताना चाहती हैं तो वह हेल्पलाइन नंबर 182 पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकती हैं. शिकायत मिलते ही पूरी टीम पीड़ित महिला की मदद के लिए पहुंचेगी.







