
बेरमो : झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, बेरमो के विधायक और इंटक के राष्ट्रीय सचिव और झारखंड इंटक के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया. उनके पुत्र ने मुखाग्नि दी. इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गुरुजी शिबू सोरेन, इंटक के तमाम बड़े अधिकारी, सांसदों, विधायकों समेत तमाम लोगों ने हिस्सा लिया. कांग्रेस के मंत्री बन्ना गुप्ता, बदल पत्रलेख, मंत्री सह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव समेत अन्य लोग शामिल हुए थे. इस दौरान जमशेदपुर के भी कई सारे बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया. अंतिम संस्कार के दौरान टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री चंद्रभान सिंह, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते, महामंत्री आरके सिंह, कमिंस यूनियन के अहसान अहमद सिराजी, अरुण सिंह, यूथ इंटक के राष्ट्रीय महासचिव संजीव श्रीवास्तव, यूथ इंटक के राष्ट्रीय महासचिव डॉ परितोष सिंह, झारखंड इंटक के कार्यकारिणी सदस्य संजीव रंजन समेत अन्य लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान अंतिम संस्कार में राज्य भर से लोग पहुंचे थे. उनकी अंतिम यात्रा लॉकडाउन के बीच काफी ज्यादा भीड़ जुटी थी और लोग अपने लोकप्रिय नेता का अंतिम दर्शन करना चाहते थे. उनके बेरमो स्थित आवास में उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा हुआ था. राजेंद्र बाबू के बेटे अनूप सिंह ने सभी का आभार भी जताया.

मैंने एक अभिभावक खो दिया, यह मेरी व्यक्तिगत क्षति : हेमन्त सोरेन
मुख्यमंत्री हेमन्त में बेरमो विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजेन्द्र सिंह मेरे अभिभावक थे. उनकी छाया में मैं बड़ा हुआ. सदैव उनका मार्गदर्शन मुझे प्राप्त होता रहा. उनका यूं चले जाना गहरा दुख दे गया. स्वास्थ्य मंत्री के रुप में इनका कार्यकाल मिल का पत्थर साबित हुआ है. उन्होंने एक लंबी लकीर खींची है. मुख्यमंत्री ने कहा राजेंद्र सिंह का सभी राजनीतिक दल के लोगों के साथ हमेशा अच्छा व्यवहार रहा. हमें उनके जीवनकाल से प्रेरणा लेने की जरूरत है.







