
चाईबासा : जगन्नाथपुर थाना अन्तर्गत जैंतगढ़ की मुण्डई पंचायत में वैतरणी एवं कांगिरा नदी के संगम पर अवस्थित नीलकंठ मंदिर में 15 जनवरी को टुसू पर्व व मकर पर्व के अवसर पर आसपास के गांवो से हजारों लोगों की भीड़ जुटती है। लोग सपरिवार स्नान व पूजा-अर्चना करने तथा मेला देखने के लिए पहुंचते हैं। लोगो की खुशियों पर मनचले और शराबी हुड़दंग मचाकर पानी न फेर दें, इसे लेकर जगन्नाथपुर पुलिस तत्पर है। इसी दिशा में पहल करते हुए थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक के नेतृत्व मे जैंतगढ़ मुण्डा सत्यनारायण राठौर के साथ शुक्रवार को नीलकंठ मंदिर एवं मंदिर के आसपास के स्थलों का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने जैंतगढ़ के स्थानीय मुण्डा सत्यनारायण राठौर से मंदिर से संबंधित जानकारी ली। जैंतगढ़ मुण्डा सत्यनारायण राठौर ने बताया कि नीलकंठ मंदिर कांगिरा और वैतरणी नदी के किनारे स्थित है जो पश्चिमी सिंहभूम जिला के साथ साथ मयूरभंज एवं क्योंझोर जिला का भी सीमावर्ती क्षेत्र पड़ता है। इस कारण भी यहां काफी भीड होती है। थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने लोगों से अपील की है कि पर्व खुशी का पल होता है। इसे प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। आपस मे न उलझें, महिलाओं का सम्मान करें। महिलाओं का अनादर एवं छेड़छाड़ न करें। बच्चों पर विशेष ध्यान दें। शराब का सेवन न करें। शराब का सेवन के बाद बाइक न चलाएं। नदी में नहाते समय सावधानी बरतें। अपने सामानों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। कोई संदेह होने पर तुरन्त पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि मनचलो ओर शराब पीनेवालों पर भी पुलिस की विशेष व पैनी नजर रहेगी। इस दौरान थाना प्रभारी के साथ एएसआई उमेश प्रसाद, जैंतगढ़ ग्रामीण मुंडा सत्यनारायण राठौर, चालक प्रकाश बेहरा सहित जिला बल के जवान उपस्थित थे।






