
Jamshedpur : झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ के तत्वावधान में रविवार को दत्तोपंत ठेंगड़ी जन्म शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया. बैंक की बिष्टुपुर शाखा में आयोजित इस समारोह की स्व ठेंगड़ी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर शुरुआत की गयी. मुख्य अतिथि के रूप में दत्तोपंत ठेंगड़ी जन्म शताब्दी समारोह समिति के सदस्य व स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संघर्ष वाहिनी प्रमुख बंदे शंकर सिंह उपस्थित थे. समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने स्व ठेंगड़ी को राष्ट्र निर्माण की मजबूत कड़ी बताते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने का आह्वान किया. इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय नारायण शर्मा ने भी अपने विचार रखे. समारोह में झारखंड राज्य सहकारी बैंक कर्मचारी संघ की कार्यसमिति की बैठक हुई. बैठक में बैंक के नियमित कर्मियों की ग्रेड-पे विसंगति दूर करने, बैंक शाखाओं में स्टेशनरी समेत अन्य आवश्यक सामग्रियों की अनुपलब्धता तथा प्रबंधन द्वारा इस पर ध्यान नहीं दिया जाना, सेवा नियमावली व स्थानांतरण नीति का अब लागू न होना, नियमित कर्मियों की लंबित प्रोन्नति, आईबीपीएस के माध्यम से नियुक्ति, बैंक के खिलाफ दुष्प्रचार करनेवालों के खिलाफ कार्रवाई आदि पर चर्चा की गयी. साथ ही चाईबासा क्षेत्रीय कमेटी का गठन किया गया. नवगठित कमेटी में सुबल चंद्र मंडल को प्रेसिडेंट, रमेश राव को जेनरल सेक्रेटरी, राहुल रजक को ट्रेजरर, हीरा लाल राउत व दयानंद साव को वाइस प्रेसिडेंट, रमेश मिंज के सेक्रेटरी, श्याम बास्के व मनीष देवगम को ज्वाइंट सेक्रेटरी तथा सुदेशना मुंडा, दीपक शर्मा, अजय कुमार चौधरी, राजीव रंजन व राज कुमार साव को कार्यसमिति सदस्य चुना गया. समारोह में संघ के कार्यकारी अध्यक्ष चंदन प्रसाद, महासचिव राजीव रंजन, सक्रिय सदस्य मुकेश कुमार, के रमेश राव, सुनील कुमार राम, संतोष साहू, राहुल रजक, एस कच्छप, रजनी सिंह, संजय कुमार, दीपक कुमार शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.



