जमशेदपुर : जुगसलाई पुलिस ने थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश रच रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, कई जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया है. मामले में जुगसलाई थाना में बीएनएस व आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत तथा जिला बदर आदेश के उल्लंघन को लेकर जेसीसीए लागू किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे ब्रिज के नीचे कुख्यात तड़ीपार अपराधी एवं ड्रग पैडलर मो खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के साथ हथियारों से लैस होकर मो निजाम की हत्या की योजना बना रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापामारी के दौरान पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो शहजादा, मो इकबाल, अरसिल शेख उर्फ अस्तर और मो. रिजवान उर्फ कैफ को गिरफ्तार किया. मो. शहजादा के पास से एक देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए. इनकी निशानदेही पर ईदगाह मैदान के पास से मो फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिडुआ बच्चा, मो अरबाज खान, मो सितारे तथा एक अवयस्क को भी पकड़ा गया. पूछताछ और निशानदेही पर शिव घाट स्थित रिसाइकलिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देसी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. वहीं पटनहिया मोहल्ला मैदान के किनारे से एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा भी बरामद हुआ. जांच में 19 जुलाई को जान मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की पूछताछ में मो खुर्शीद उर्फ भाकुड़ ने स्वीकार किया कि वह ड्रग्स तस्करी से जुड़ा है और मो. निजाम उसका पूर्व सहयोगी था. ब्राउन शुगर के करीब 15 से 16 लाख रुपये के बकाये और निजी रंजिश के कारण वह अपने साथियों के साथ मिलकर मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा था. वहीं मो. शहजादा ने बताया कि पारिवारिक विवाद और पुरानी दुश्मनी के कारण वह भी इस साजिश में शामिल हुआ तथा हथियार खरीदने में सहयोग किया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने बताया कि मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ पहले से जिला बदर घोषित है, इसके बावजूद जिले में प्रवेश कर अपराध की योजना बनाना झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 का उल्लंघन है. इस मामले में उसके खिलाफ अलग से जुगसलाई थाना कांड संख्या 57/2026 दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी मो खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के खिलाफ हत्या के प्रयास, हत्या, आर्म्स एक्ट, चोरी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. मामले में आगे जांच जारी है.















