
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत कपाली बस्ती में मंगलवार को पथराव मामले में पुलिस ने 20 लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है. इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. जेल भेजे गए लोगों में नरेश बानरा, दुर्गा वर्मा, तारकेश्वर साहू, सूरज पटनायक, प्रकाश तिर्की, रोहित वर्मा, अभिषेक प्रसाद, राज कुमार, गोल्डी वर्मा, रमेश वर्मा और माहली शामिल है. बता दें कि मंगलवार को दो पक्ष कपाली बस्ती में आपस में भिड़ गए थे. इसी दौरान दोनों पक्ष के बीच पथराव भी हुआ. सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने पुलिस पर भी पथराव कर दिया था. पुलिस ने मौके से 11 लोगों को पकड़ा था. बुधवार को सभी को जेल भेज दिया गया. पुलिस अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.













