जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत जमशेदपुर पुलिस को कार्रवाई में सफलता मिली है. अभियान के दौरान बिष्टुपुर और ओलीडीह थाना क्षेत्रों से पुलिस ने कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को टाटा स्टील कंपनी से चोरी किए गए तांबे के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने चोरी का तांबा बरामद कर लिया है. वहीं, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ही चोरी से जुड़े एक अन्य मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसी अभियान के तहत ओलीडीह थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. इनमें एक आरोपी पर चाकू का भय दिखाकर रुपये लूटने का आरोप है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दूसरे आरोपी को माननीय न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत चोरी, लूट, आपराधिक गतिविधियों और न्यायालय से जारी वारंट वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.




