
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से हत्या के मामले में आजीवन कारावास काट कर हाल ही में जेल से छूटे बिमल मुखी उर्फ कालिया मुखी को बर्मामाइंस पुलिस ने एक बार फिर हत्या की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बिमल के पास से एक देसी कट्टा भी बरामद लिया है. सोमवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. इस मामले में थाना प्रभारी राजू ने बताया की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक हरिजन बस्ती में हथियार के साथ घूम रहा है. सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी के निर्देश पर एएसपी कुमार गौरव के निर्देश पर टीम का गठन किया गया. टीम ने हरिजन बस्ती में छापेमारी की और बिमल मुखी को गिरफ्तार किया. बिमल की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया. पूछताछ में पता चला की वह कुछ दिनों पहले ही जेल से आजीवन कारावास काट कर बाहर आया है और किसी की हत्या करने के उद्देश्य से कट्टा अपने पास रखा था. फिलहाल पुलिस ने उसे दोबारा जेल भेज दिया है.

















