
जमशेदपुर: कोरोना महामारी के दूसरे लहर का प्रकोप जमशेदपुर में अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. हालांकि दूसरे लहर ने जमशेदपुर में भारी तबाही मचाई और राज्य में सबसे ज्यादा संक्रमण का असर यही रहा. अभी यहां स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत पाबंदियां जारी है. इधर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जमशेदपुर इकाई द्वारा स्लम बस्तियों के लोगों का ऑक्सीजन लेवल और टेंपरेचर जांच किया गया. इसके अलावा स्लम बस्तियों के लोगों को कोरोना रोधी टीका लेने के लिए जागरूक करने के साथ उन्हें मास्क, सैनिटाइजर और जरूरी दवाइयों का भी वितरण किया गया. जानकारी देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने बताया, कि दोमुहानी के समीप स्थित बाबा तिलका मांझी बस्ती जो कचरों के अंबार के बगल में स्थित है. यहां संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है. इसको देखते हुए यहां यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि लोगों को विशेष सावधानियां बरतने की हिदायत दी गई है. हालांकि यहां वैसे लक्षण वाले व्यक्ति नहीं पाए गए जिन्हें अस्पताल अथवा ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़े. फिर भी उन्होंने लोगों से अपील किया, कि किसी तरह की परेशानी होने पर उनसे संपर्क किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है ताकि प्रशासन का सहयोग किया जा सके. वही बस्ती के लोग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इस प्रयास से काफी खुश नजर आए.




