जमशेदपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कोल्हान विभाग के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को कोल्हन विश्वविद्यालय की कुलपति से मुलाकात कर उनके साथ विभिन्न शैक्षणिक मुद्दों पर चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से अभाविप के प्रदेश सह मंत्री ऋतुराज शाहदेव, कोल्हान विभाग प्रमुख डॉ केके कमलेंदु,कोल्हान विभाग संगठन मंत्री दुर्गा बोदरा, जमशेदपुर महानगर मंत्री अभिषेक कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे. कुलपति से मुलाकात के दौरान कोल्हन विश्वविद्यालय के वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई. (नीचे भी पढ़ें)
अभाविप के प्रदेश सह मंत्री ऋतुराज शाहदेव ने कहा कि कुलपति से मुलाकात सार्थक रही. कोल्हन विश्वविद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल स्थापित करने को लेकर उनके साथ सविस्तार चर्चा हुई. प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को यह विश्वास दिलाया कि शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में परिषद् हर स्तर पर विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ सहयोग कर कार्य करेगा. विभाग प्रमुख डॉ केके कमलेंदु ने कहा कि लगभग दो वर्षों से कुलपति नहीं रहने के कारण विश्वविद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई थी. कुलपति के आने से व्यवस्था ठीक होगी. शिक्षक और विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों का निपटारा होगा और पठन-पाठन का कार्य नियमित रूप से संचालित हो सकेगा. मुख्य रूप से अधिवक्ता प्रभात शंकर तिवारी, दीपक ठाकुर, तुलसी महतो आदि उपस्थित थे.



