जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में एक बार फिर सड़क दुर्घटना सामने आया है. जानकारी के अनुसार साकची से टाटानगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रही एक ऑटो बर्मामाइंस सुनसुनिया गेट के समीप अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई. इस दुर्घटना में ऑटो में सवार कई यात्री घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजवाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी तेज थी कि ऑटो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सवारियों को चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसुनिया गेट के पास आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने बताया कि यहां बने डिवाइडर पर रेडियम या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए हैं, जिससे रात के समय वाहन चालकों को डिवाइडर दिखाई नहीं देता और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने टाटा कंपनी और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार हादसे होने के बावजूद अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है. लोगों ने इस क्षेत्र में जल्द से जल्द पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और डिवाइडर पर रेडियम लगाने की मांग की है, ताकि आगे ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके.







