जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के चेपापुल के पास सोमवार को दो ऑटो की टक्कर के बाद मामला मारपीट में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों ऑटो चालकों में कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. इसी दौरान एक ऑटो में बैठी महिला यात्री से दूसरे ऑटो चालक ने धक्का-मुक्की कर दी, जिससे महिला के हाथ में चोट लग गई. महिला के साथ मौजूद ऑटो चालक आर्यन भी झगड़े में घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुट गए. (नीचे भी पढ़ें)
गुस्साई महिला ने मौके पर ही आरोपी चालक की चप्पल से पिटाई कर दी, जिससे वहां अफरातफरी मच गई. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई, जिसके कारण चेपापुल मेन रोड पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बन गई. जाम से राहगीरों और अन्य वाहनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने जाम हटाकर यातायात बहाल कराया, हालांकि इस दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी. मारपीट करने वाला आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है.




