जमशेदपुर : ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन (एआइएमएसएस) की ओर से दिल्ली के जंतर मंतर में आंदोलनरत सोनम वांगचुक और लोकतांत्रिक आंदोलन पर बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज के खिलाफ पूरे देश के साथ जमशेदपुर में भी साकची गोलचक्कर पर विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव सोनोका महतो ने कहा कि पूरे देश में नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का प्रश्नपत्र बार-बार लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है. इसके विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रसिद्ध शिक्षाविद सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से आंदोलनरत थे. उन्हें दिल्ली पुलिस द्वारा गैर-लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन स्थल से जबरन हटा दिया गया, साथ ही संसद मार्च के दौरान पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने संगठन की ओर से इसकी कड़ी निंदा करते हुए इसके खिलाफ छात्रों, अभिवावकों एवं शिक्षक से एकजुट होने की अपील की. विरोध सभा में एआइएमएसएस प्रदेश अध्यक्ष पानमनी सिंह मुण्डा, प्रदेश सचिव सोनोका महतो, अंजना भारती , जानो महतो, केशवती नायक, पंचामी लोहार, संगीता शर्मा, रूबी सिंह, जैस्मिन, शिवानी देवगम व अन्य उपस्थित रहीं.















