जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी अभिषेक कुमार (25) को नितिबाग कॉलोनी स्थित मेनन अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की गई. मामला 10 अप्रैल 2026 को चंद्रिका पॉल की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जिसमें उनके पति तारक पॉल और उनके मित्र राहुल भक्त को घर में बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया था. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने गिरोह के साथ साइबर ठगी, लूट और छिनतई जैसी वारदातों में शामिल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उसकी निशानदेही पर एक लूटी गई सफेद स्कॉर्पियो और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इसके अलावा उसके पास से विभिन्न बैंकों के आठ एटीएम कार्ड, छह अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड तथा 26,700 रुपये नकद भी जब्त किए गए. बरामद स्कॉर्पियो और कारतूस के संबंध में सीतारामडेरा थाना में अलग से मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.







