जमशेदपुर : भारत की प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनियों में शामिल न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने अपनी स्थापना के दस वर्ष पूरे होने का जश्न ‘दस साल बेमिसाल’ थीम के तहत मनाया. यह अवसर कंपनी की विकास यात्रा, नवाचार, साहसिक व्यावसायिक फैसलों और कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित करता है. इस अवसर पर कंपनी के चेयरमैन हिरेन पटेल ने कहा कि न्युवोको की दस वर्षों की यात्रा पर उन्हें गर्व है. यह सफर दूरदर्शी सोच, साहसिक निर्णयों और पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है. राजस्थान के निंबोल में शुरुआत से लेकर आज के विस्तारित कारोबार तक, प्रत्येक उपलब्धि ने कंपनी को एक मजबूत और दीर्घकालिक संस्थान बनाने के संकल्प को सुदृढ़ किया है. न्युवोको की यात्रा वर्ष 2014 में शुरू हुई, जब निरमा ग्रुप ने राजस्थान के निंबोल में दो मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) क्षमता वाले सीमेंट प्लांट में उत्पादन शुरू किया. एक संयंत्र से शुरू हुआ कारोबार आज सीमेंट, रेडी-मिक्स कंक्रीट और आधुनिक निर्माण सामग्री के क्षेत्र तक पहुंच चुका है. कंपनी के विकास में अक्टूबर 2016 एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, जब न्युवोको ने लाफार्ज इंडिया का अधिग्रहण पूरा किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस कदम से कंपनी की कारोबारी क्षमता और बाजार में पहचान मजबूत हुई. इसके बाद न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड के रूप में कंपनी ने अपनी अलग पहचान स्थापित की. वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान कंपनी ने इमामी सीमेंट का अधिग्रहण किया, जो अब नुवोको विस्टास लिमिटेड के नाम से जानी जाती है. यह कदम चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी भारतीय निर्माण सामग्री क्षेत्र की संभावनाओं पर कंपनी के भरोसे को दर्शाता है. वर्ष 2021 में कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई, जिससे उसके विकास को नया आयाम मिला. न्युवोको का लक्ष्य सुरक्षित, स्मार्ट और टिकाऊ निर्माण के माध्यम से भविष्य की जरूरतों को पूरा करना है.





