
जमशेदपुर:जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित दुर्गा लॉज के कमरे में सोमवार को चाईबासा निवासी कमल कांत पांडे (36) ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. कमरा अंदर से बंद होने पर लॉज प्रबंधन ने जुगसलाई पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे के दरवाजे को तोड़ा. पुलिस ने पाया कि कमलकांत बेड पर अचेत पड़ा है.
इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए लॉज के स्टॉफ की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस ने कमलकांत के परिजनों को सूचना दे दी है. घटना के संबंध में जुगसलाई थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि उन्हे लॉज से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लॉज में ठहरा हुआ था पर वह कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किए हुए है.
इसके बाद पुलिस लॉज पहुंची और दरवाजे को तोड़ा. पुलिस ने पाया कि कमलकांत बेड पर है और उसके गले में फंदा लगा हुआ है. इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए पहुंचाया गया. पुलिस आशंका जता रही है कि कमलकांत ने आत्महत्या का प्रयास किया होगा, फंदा टूटने से उसकी जान बच गई.





