जमशेदपुर: जवाहरनगर, मानगो स्थित एपीजे कलाम हाई स्कूल में रविवार को मोबाइल की लत (मोबाइल एडिक्शन) को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सिद्धि विनायक पब्लिक स्कूल, बालासोर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज उपस्थित थे.कार्यक्रम के दौरान सुधांशु पांडा और जयंत होता ने बच्चों व अभिभावकों को मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने बताया कि स्क्रीन टाइम बढ़ने से बच्चों में ऑटिज्म, स्पॉन्डिलाइटिस और दृष्टि दोष जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं. (नीचे भी पढ़े)
वक्ताओं ने अभिभावकों से अपील की कि यदि बच्चे पढ़ाई के नाम पर मोबाइल लेते हैं, तो उन पर नजर रखें कि वे इसका सही उपयोग कर रहे हैं या नहीं. इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन डॉ. अफरोज शकील, निदेशक ताहिर हुसैन और प्राचार्य सोफिया ने भी विद्यार्थियों को मोबाइल के गलत इस्तेमाल से होने वाले नुकसान की जानकारी दी. कार्यक्रम में राफात आरा फरहत, सचिन खंडेलवाल, एमएस शाहिद खालिद समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व अभिभावक मौजूद थे.












