
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी कुलदीप कौर के बैंक खाते का चेक क्लोनिंग कर दिल्ली और हरियाणा के बैंक से 18 लाख की अवैध निकासी के मामले में पुलिस ने टेलीकम्युनिकेशन कंपनी जियो और पंजाब नेशनल बैंक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज का जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने जियो और पीएनबी को नोटिस भी जारी किया है. पुलिस के प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुलदीप के सिम को पटना के जियो ऑफिस से 2 मार्च को रिप्लेस करवाया गया है. सिम को रिप्लेस करने के बाद उससे 4 से 5 आउटगोइंग कॉल भी किए गए है. दूसरे ही दिन साइबर ठगों ने क्लोन किए गए चेक को इस्तेमाल कर 18 लाख की निकासी कर ली. इधर पुलिस ने दिल्ली और हरियाणा के बैंक खातों को भी फ्रिज किया है. वहीं पुलिस एक टीम का गठन कर टीम को पटना भेजने की तैयारी कर रही है. बता दे कि रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी कुलदीप कौर के पंजाब नेशनल बैंक साकची ब्रांच के खाते के चेक का क्लोन बनाकर नई दिल्ली के रोहिणी स्थित आईसीआईसीआई बैंक के आलोक कुमार के खाते में कुल 9.96 लाख रुपये ट्रांस्फर किए गए जबकि हरियाणा के मनेसर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के विष्णु कुमार यादव के खाते में कुल 8.94 लाख रुपये ट्रांस्फर किए गए. वहीं खाते में जो मोबाइल नंबर लिंक्ड है उसे भी रिप्लेस कर दिया. साइबर ठगों ने दो और चेक का इस्तेमाल किया जिसमें से एक चेक का उपयोग युपी के गाजियाबाद स्थित एसबीआई बैंक के खाता धारक शहजाद के खाते में 8.89 लाख और बिहार के पटना एक्सिबिशन रोड स्थित आईडीएफसी के खाता धारक शुभम कुमार के खाते में 26.98 लाख रुपये ट्रांस्फर करने की तैयारी में थे. हालांकि खाते में रुपये नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया.





