जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिरनगर की केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए करीब 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के सोने के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है. इस संबंध में बैंक के रीजनल मैनेजर ने आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर के अनुसार, केनरा बैंक के रीजनल मैनेजर मंगेश रामानाथन ने शिकायत में बताया है कि शाखा के लॉकर में रखे गोल्ड लोन से जुड़े कई सोने के पैकेट गायब पाए गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना 12 जून से 18 जून के बीच की बताई जा रही है. मामले में तत्कालीन कबीर मेमोरियल शाखा के पूर्व सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो तथा दो अज्ञात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी उक्त शाखा में पदस्थापित नहीं है. जानकारी के मुताबिक, बैंक में प्रत्येक तीन महीने पर होने वाले नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन के रिकॉर्ड और लॉकर में रखे सोने का मिलान किया गया. इसी प्रक्रिया में सोने के पैकेट गायब होने का मामला सामने आया, जिसके बाद बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल आजादनगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि सोना किन परिस्थितियों में गायब हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। वहीं बैंक प्रबंधन भी अपने स्तर पर विस्तृत आंतरिक जांच में जुटा हुआ है.




