जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद् क्षेत्र में सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की दयनीय स्थिति से असंतुष्ट पार्षदों की एक बैठक आयोजित हुई. बैठक में निर्णय लिया गया की जुगसलाई नगर परिषद् के क्षेत्र में डोर टु डोर कचरा उठाव सहित सड़कों, नालियों की सफाई ब्लिचिंग पाउडर, मच्छर मारने की दवा का फॉगिंग मशीन से छिड़काव, एंटी लार्वा, डीडीटी का छिड़काव नियमित हो. जुगसलाई की पेय जलापूर्ति योजना को जुगसलाई नगर परिषद् द्वारा संचालित किया जाए एवं पेयजल की गुणवत्ता में सुधार, जिन इलाकों में जलापूर्ति में बाधा आ रही है उसे दूर किया जाए. स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट पर्याप्त संख्या में लगवाई जाएं एवं उनकी मरम्मत की समुचित व्यवस्था हो. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि पिछले कई दिनों से डोर टु डोर कचरा उठाव बंद है एवं टोटल सफाई व्यवस्था की स्थिति बहुत ही खराब है. पिछले माह में इस सम्बन्ध में कई बार कार्यपालक पदाधिकारी से शिकायत की गई परन्तु हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा, स्थिति में सुधार के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई. इस कारण पार्षदों को जुगसलाई की जनता का कोप भाजन बनना पड़ता है. यह भी निर्णय लिया गया कि एक सप्ताह के अंदर सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर जुगसलाई नगर परिषद् कार्यालय के बाहर सामूहिक धरना-प्रदर्शन-अनशन किया जाएगा. इस अवसर पर 22 में से 16 पार्षद उपस्थित रहे एवं बाकी ने फोन कर सहमति व्यक्त की.




