जमशेदपुर : जुगसलाई श्री राजस्थान शिव मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन रविवार को महारास लीला, प्रभु के मथुरा गमन, उद्धव-गोपी संवाद एवं श्री कृष्ण-रुक्मिणी विवाह उत्सव की कथा के मुख्य प्रसंग रहे. श्रीकृष्ण – रुक्मिणी के विवाह की झांकी ने सभी को खूब आनंदित किया. कथा के दौरान रुक्मिणी विवाह के आयोजन और धार्मिक भजनों पर श्रद्धालुओं ने झूमते हुए नृत्य भी किया. कथा में श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की झांकी के साथ वरमाला पर फूलों की बरसात हुई. गौभक्त डॉ संजीव कृष्ण ठाकुर ने रुक्मिणी विवाह के प्रसंग का संगीतमय पाठ किया. उन्होंने भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि जो भक्त प्रेमी कृष्ण-रुक्मिणी के विवाह उत्सव में शामिल होते हैं, उनकी वैवाहिक समस्याएं हमेशा के लिए खत्म हो जाती हैं.(नीचे भी पढ़ें)

प्रवचन कर्ता डॉ संजीव कृष्ण ठाकुर के सान्निध्य में मालीराम घनश्याम दास गढ़वाल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सातवें दिन, सोमवार 24 जुलाई को हवन यज्ञ एवं पूर्णाहुति के बाद विश्राम लेगी. सोमवार को सुबह श्री सुदामा चरित, ब्यास पूजन की कथा का प्रसंग होगा. कथा क्रम में ब्यासपीठ से महाराज श्री ने बताया कि हमें भगवान श्रीकृष्ण का जीवन एक बहुत बड़ी सीख प्रदान करता है. अनासक्ति का सबसे बड़ा उदाहरण अगर किसी के जीवन में देखने को मिलता है तो वो भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में, जिसके जीवन में न पाने की प्रसन्नता न खोने का शोक है. जब रहे, जहां रहे, पूरे के पूरे रहे. जब तक गोपियों के मध्य रहे गोपियों के बनकर रहे और जब मथुरा गये तो वहीं के होकर रह गये. जीवन की समग्रता अथवा पूर्णता का नाम ही तो श्रीकृष्ण है. जिसे श्रीकृष्ण के आदर्शों पर जीना आ गया उसका जीवन रोग-शोक अथवा राग- द्वेष से मुक्त होकर आनंदमय भी हो गया.(नीचे भी पढ़ें)

महाराज श्री ने कहा कि महारास में पांच अध्याय हैं. उनमें गाये जानेवाले पंच गीत भागवत के पंच प्राण हैं. जो भी ठाकुरजी के इन पांच गीतों को भाव से गाता है, वह भव पार हो जाता है. उन्हें वृंदावन की भक्ति सहज प्राप्त हो जाती है. उन्होंने कहा कि महारास में भगवान श्रीकृष्ण ने बांसुरी बजाकर गोपियों का आह्वान किया. महारास लीला से जीवात्मा-परमात्मा का ही मिलन हुआ. भगवान श्री कृष्ण ने 16 हजार कन्याओं से विवाह कर उनके साथ सुखमय जीवन बिताया. रविवार को श्रीकृष्ण-रुकमिणी विवाह के अवसर पर कथा के दौरान पुष्पा, विमला, रीता, ममता, रीतू विनीता, बिन्दिया, सुनीता, नेहा, प्रिया, ट्विंकल, टीशा, मौली, मान्या, भूमि, रोहित, मोहित, कृष्णा, राघव, कार्तिक, वैभव, अथर्व, हिमांशु, हार्दिक, अन्नू सहित सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं.














