जमशेदपुर : भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती 25 अप्रैल 2026 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मनाने को लेकर सर्किट हाउस में तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता हरिश चंद्र सिंह भूमिज ने की, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित थे. बैठक में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए इसे ऐतिहासिक बनाने पर जोर दिया गया. बैठक में जानकारी दी गई कि सरदार मुड़ा, नाया, डाकुआ स्वशासन व्यवस्था एवं वीर शहीद गंगा नारायण सिंह जयंती समारोह आयोजन समिति के बैनर तले शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है. इसमें झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल एवं असम से 50 हजार से अधिक लोगों के पारंपरिक रूप से शामिल होने की संभावना है. आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. (नीचे भी पढ़े)

मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री चमरा लिंडा एवं मंत्री दीपक बिरूआ को आमंत्रित किया गया है. कार्यक्रम के तहत सुबह विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसके बाद सामाजिक परिचर्चा आयोजित होगी। दोपहर के बाद भव्य सांस्कृतिक समागम एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा. विभिन्न क्षेत्रों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है. साथ ही भूमिज समाज की पारंपरिक व्यवस्था से जुड़े सरदार मुड़ा, नाया, डाकुआ को सम्मानित किया जाएगा. युवाओं द्वारा मोटरसाइकिल जुलूस भी निकाला जाएगा. आयोजन स्थल पर भोजन-पानी सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो. बैठक में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वीर शहीद गंगा नारायण सिंह का योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है और उनकी जयंती को भव्य रूप से मनाना हम सभी का दायित्व है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने आयोजन समिति को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल समाज को जोड़ने का कार्य करेगा, बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और गौरवशाली परंपरा से भी अवगत कराएगा. बैठक में संजय सरदार, राधेश्याम भूमिज, अमर सिंह सरदार, सुधाकर सिंह सरदार, ज्योतिंद्र सिंह सरदार, साधन नायक, बिहारी लाल सरदार, भृगुराम सरदार, बिभूति भूषण सिंह, रामजीत सरदार, दिवाकर सरदार, बलराम सिंह, अश्विनी दिगार, मोतिलाल सिंह, भक्तरंजन सिंह भूमिज, हरिपदो सरदार, बद्धराम सिंह, भानु सिंह सरदार, अश्विनी सिंह, रमानाथ सिंह, विवेक सिंह मुंडा, रवि सिंह मुंडा, रविंद्र नाथ सिंह, ठाकुर दास सिंह, रविंद्र सरदार, रामपदो सिंह, अशोक सिंह सरदार, सनत कुमार सिंह, कालीराम सिंह सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.



