जमशेदपुर : जमशेदपुर भाजपा के उलीडीह मंडल की कमेटी का विस्तार करने के बाद विवाद सामने आ गया है. उलीडीह मंडल के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने इस मामले को लेकर भाजपा के जिला अध्यक्ष को शिकायत की है. उन्होंने कहा है कि यह अत्यंत खेद और चिंता का विषय है कि विधानसभा चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी सरयू राय के विरोध में जाकर निर्दलीय प्रत्याशी के लिए सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार करने वाले व्यक्ति राहुल कुमार को भारतीय जनता पार्टी उलीडीह मंडल में महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है. उक्त व्यक्ति द्वारा न केवल पार्टी की आधिकारिक लाइन के विरुद्ध कार्य किया गया, बल्कि संगठन की विचारधारा एवं अनुशासन को भी खुली चुनौती दी गई. (नीचे भी पढ़े)
ऐसे में उन्हें पुरस्कृत करना पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को ठेस पहुंचाने वाला है, जिन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में कार्य किया. उन्होंने कहा है कि वे यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस प्रकार के निर्णय से संगठन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा होता है तथा भविष्य में अनुशासनहीनता को बढ़ावा मिल सकता है. पार्टी नेतृत्व से हमारी मांग है कि इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए तथा संगठनात्मक मर्यादा और अनुशासन को सर्वोपरि रखा जाए. यदि इस विषय पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो यह समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय होगा और इससे संगठन की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. उन्होंने मांग की है कि संबंधित व्यक्ति की नियुक्ति पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए, पार्टी अनुशासन के उल्लंघन की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, भविष्य में ऐसे मामलों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाएं.



