जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित गोपेश्वर पार्क के पास गुरुवार को तेज रफ्तार स्प्लेंडर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हीरो होंडा स्प्लेंडर पर सवार तीन युवक, जिन्हें बर्मामाइंस निवासी बताया जा रहा है, तेज गति से बाइक चला रहे थे. इसी दौरान चालक का नियंत्रण खो गया और बाइक सड़क किनारे खड़ी टाटा मैजिक वाहन से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में एक युवक को हल्की चोट आई, जबकि अन्य दो सुरक्षित रहे. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और सूचना मिलने पर पहुंची टेल्को थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.





