जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 13 जुलाई से 17 जुलाई तक पांच दिवसीय रोबोटिक्स एवं एम्बेडेड सिस्टम कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यशाला विशेष रूप से डिप्लोमा एवं बी.टेक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य उन्हें रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और एम्बेडेड सिस्टम्स के क्षेत्र में व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्रदान करना है. इस कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को रोबोटिक्स की मूलभूत अवधारणाओं, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, सेंसर, एक्ट्यूएटर्स, माइक्रोकंट्रोलर्स, प्रोग्रामिंग तथा रोबोट डिज़ाइन से परिचित कराया जाएगा. कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, लाइव डेमोंस्ट्रेशन तथा हैंड्स-ऑन लैब सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को रोबोटिक सिस्टम का निर्माण एवं प्रोग्रामिंग करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा. कार्यशाला के तकनीकी सत्र प्रयोग इंडिया, रांची के अनुभवी तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा संचालित किए जाएंगे, जो विद्यार्थियों को नवीनतम औद्योगिक तकनीकों एवं व्यावहारिक अनुप्रयोगों से अवगत कराएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यशाला को इस प्रकार तैयार किया गया है कि इससे विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, समस्या समाधान क्षमता, टीमवर्क और नवाचार कौशल का विकास हो सके. प्रतिभागियों को वास्तविक रोबोटिक अनुप्रयोगों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं और उभरती हुई तकनीकों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे. विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं से विद्यार्थियों की तरफ से इस कार्यशाला में उत्साहपूर्ण भागीदारी की अपेक्षा की जा रही है. सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे. यह कार्यशाला श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग स्थित इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग में आयोजित की जाएगी.







