जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थानांतर्गत जोन नंबर चार की रहने वाली 26 वर्षीय सलोनी नायडू के फांसी लटककर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने ससुरालवालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का एफआइआर दायर कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में सलोनी नायडू के पति रवि सिंह भामरा को गिरफ्तार कर लिया है. अब उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस ने मायका पक्ष की ओर से लगाये गये आरोप को लेकर एफआइआर दायर किया है. एयर होस्टेस सलोनी नायडू ने शुक्रवार को अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. शादी के बाद उसने अपनी एयरहोस्टेस की नौकरी छोड़ दी थी. इसके बाद से वह ससुराल में रहती थी. लेकिन उसने आत्महत्या कैसे की और क्यों की, इसको लेकर सवाल उठ रहा था. सोनारी आदर्शनगर में रहने वाले मायके पक्ष के लोग इंदौर हाल के दिनों में शिफ्ट कर गये थे. इंदौर से ससुरालवाले लौट आये. इसके बाद उसके पिता ने केस दायर कर दिया. मृतका सलोनी नायडू के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी मौत यूं नहीं हो सकती है क्योंकि सलोनी नायडू खुद काफी बोल्ड थी. वह लव मैरेज रवि सिंह भामरा के साथ की थी. खुशहाल दोनों थे. लेकिन ऐसी कोई परिस्थिति नहीं थी कि वह आत्महत्या कर सके. इन लोगों का कहना है कि हो सकता है कि ऐसा अत्याचार किया गया हो कि उसने आत्महत्या कर ली होगी या फिर आत्महत्या के लिए उकसावा किया गया हो. फांसी लगाने वाली लड़की सलोनी नायडू खुद एयर होस्टेस थी. शुक्रवार की रात रक्षाबंधन को लेकर रवि सिंह भामरा सलोनी को जोन नंबर 9 के रहने वाले मित्र विवेक के घर लेकर गया था. जहां से तीनों रात 10 बजे अपने घर पहुंचे. विवेक थोड़ी देर बाद अपने घर लौट गया. वही दोनों पति–पत्नी ने अपने कमरे में खाना खाया. रात 2:30 बजे सलोनी बाथरूम जाने की बात कहकर कमरे से निकली लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आने पर रवि ने उसकी खोजबीन शुरू की. जाकर देखा तो वह बाथरूम में नही थी. जांच करने पर पाया कि उनकी मां का कमरा अंदर से बंद है. दूसरी चाबी से खोलने पर देखा तो सलोनी पंखे से लटकी हुई थी.






