जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुई मारपीट और फिर बार के नीचे पुलिस के सामने जानलेवा हमला करने के मामले की पुलिस लगातार तफ्तीश कर रही है. इस मामले को लेकर अब तक पुलिस की जांच में कई सारे चौंकाने वाले तथ्य सामने आये है. यह जानकारी मिली है कि यह मारपीट का मामला एक लड़की को लेकर हुई थी. बताया जाता है कि मुख्य आरोपी सरायेकला खरसावां जिले के गम्हरिया के धातकीडीह डुडरा निवासी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा अवैध शराब का कारोबारी है और वह ऐय्याशी के लिए जाना जाता है. अवैध शराब के फैलाये गये नेटवर्क के जरिये वह कारोबार करता था. बताया जाता है कि काले ईंट का कारबारी सोनू राम सरदार डांस कर रहे थे और वहां पैसे लुटा रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि बार में मौजूद एक लड़की को सोनू राम सरदार ने छेड़ दिया था. इसके बाद दोनों को हिमांशु और प्रत्यूष ने रोका, जिसके बाद विवाद बढ़ा और फिर बार के भीतर ही मारपीट होने लगी. इसी दौरान सोनू राम सरदार के सिर में गंभीर चोट आ गयी. इस दौरान बार में मौजूद बाउंसरों ने बीचबचाव किया और दोनों गुटों को बार से बाहर कर नीचे उतार दिया. इसके बाद सोनू राम सरदार ने फोन कर अपने साथियों को बुलाया, जो हथियारों से लैस थे. इसी बीच हिमांशु और प्रत्यूष बाहर निकले तो उन पर अपराधियों ने हमला बोल दिया. खुद को बचाने के लिए हिमांशु और प्रत्यूष दौड़कर पीसीआर की जीप में बैठ गये. इसी बीच विश्वनाथ मंडल और अन्य हमलावरों पर खून सवार था. इन लोगों ने पीसीआर से उतार कर उन पर भुजाली और चापड़ से हमला कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान सड़क पर ही पड़े रहे. काफी देर के बाद जब हिमांशु और प्रत्यूष के साथी आये तब उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां हिमांशु की मौत हो गयी और प्रत्यूष की हालत गंभीर बनी हुई है.





