जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना पुलिस ने देर रात वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे सिदगोड़ा थाना के पास मुख्य सड़क पर वाहन जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखकर दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया. पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान गोलमुरी दुईलाडुगरी निवासी रोहित सिंह (29) और जुगसलाई घोड़ा चौक निवासी गोल्डी सिंह (26) के रूप में हुई. दोनों बाइक से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.
गहन पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मई 2026 के पहले सप्ताह में टिनप्लेट गेट के पास से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी. इंजन और चेसिस नंबर की जांच में पुष्टि हुई कि बरामद काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक वही है, जिसकी चोरी के मामले में 7 मई 2026 को सिदगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस ने चोरी की बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है.






