जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत सेंट मैरी हिंदी स्कूल के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने सीएमएस के कलेक्शन एजेंट जितेंद्र कुमार सिंह से छिनतई का प्रयास किया, असफल होने पर अपराधियों ने उन्हे गोली भी मारी. ये सारी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. सीसीटीवी में दिख रहा है कि किस तरह जितेंद्र द्वारा बाइक रोकने पर बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हे रोका और उनसे रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया. जब जितेंद्र ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हे गोली मार दी. गोली उनके दाएं पैर को छूकर बाएं पैर को छूते हुए निकल गई. घायल अवस्था में ही जितेंद्र ने अपनी हिम्मत दिखाई और अपराधियों से लड़े. जितेंद्र ने पास ही रखा पत्थर उठाया और अपराधियों को दे मारा. इसी बीच अपराधी एसएनटीआई की ओर भाग गए. (नीचे देखिये पूरी खबर)

आस पास के लोग देखते रहे तमाशा किसी ने नहीं की मदद
घटना के दौरान आस पास कई लोग मौजूद थे पर किसी ने भी जितेंद्र की मदद नही की, सभी तमाशा देखते रहे. इस तरह मदद नही करना अमानवीयता को दर्शाता है. जिस जगह घटना को अंजाम दिया गया वहां दिन भर चहल पहल रहती है.
काफी देर से कर रहे थे रेकी
जिस तरह अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया उससे यह प्रतीत होता है कि अपराधियों को यह जानकारी थी कि जितेंद्र कलेक्शन एजेंट का काम करते है और उनके पास भरी मात्रा में कलेक्शन के रुपए मौजूद होंगे. इसके पहले जितेंद्र ने ब्लू डार्ट और आईसीआईसीआई बैंक से कलेक्शन किया था.











