
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक बन्ना गुप्ता ने मंगलवार को मंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण किया. देर शाम से ही भाजपा मंत्री बन्ना गुप्ता पर हमलावर हो गयी है. जमशेदपुर महानगर के भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने उन्हें व्हाट्सएप एवं इ-मेल के माध्यम से पत्र प्रेषित करते हुए पश्चिम सिंहभूम ज़िले के नृशंस नरसंहार के मामले में ध्यानाकृष्ट कराया है. भाजपा जिलाध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से मंत्री बन्ना गुप्ता से सवाल किया है कि सात आदिवासी युवकों के नरसंहार पर उनकी और काँग्रेस पार्टी की चुप्पी का क्या कारण है. भाजपा ने उन्हें याद दिलाया कि बीते वर्ष एक तथाकथित मॉब लिंचिंग के घटनाक्रम के बाद मृत युवक तबरेज़ अंसारी के परिजनों से मिलकर दो लाख रुपये की आर्थिक मुआवजा सौंपने वाले बन्ना गुप्ता की पश्चिमी सिंहभूम नरसंहार मामले में चुप्पी समझ से परे है. भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि जब बन्ना गुप्ता विधायक नहीं थें तब उन्होंने मृतक तबरेज़ के परिजनों को आर्थिक मुआवजा राशि सौंपा था और कांग्रेस पार्टी ने भी तुष्टिकरण की राजनीति के लिए घड़ियाली आँसू बहाए थे. चूँकि उन्होंने मंत्री पद की शपथ ग्रहण कर लिया है ऐसे में भाजपा ने माँग किया कि नरसंहार में मृत सातों आदिवासी युवकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपये की आर्थिक मदद और उनके आश्रितों को सरकारी नौकरी दिलाने का प्रबंध अविलंब मंत्री बन्ना गुप्ता के स्तर से कराई जानी चाहिए.

















