
जमशेदपुर : जमशेदपुर के भाजपा नेता अभय सिंह को जुगसलाई के मामले में भी जमानत मिल गयी है. सोमवार को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार की अदालत से उनको बेल दे दिया. उनको बेल मिलने के बाद वे जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल से उनके रिहा होने का रास्ता साफ हो गया है. वे जल्द ही जेल से बाहर आ जायेंगे. उनके स्वागत की अब तैयारी शुरू हो गयी है. आपको बता दें कि पिछले दिनों ही जमशेदपुर के कदमा के शास्त्रीनगर में हुई हिंसा के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने जमानत दे दी थी. लेकिन जमानत मिलने के एक दिन पहले ही पुलिस ने जुगसलाई में 15 अप्रैल को हुई पथराव और हिंसा की घटना में उनको भी आरोपी बनाते हुए कोर्ट में दस्तावेज पेश कर दी थी. इसके बाद से उनको जेल से ही प्रोडक्शन करा दिया गया था, जिसके बाद कदमा हिंसा मामले में जमानत मिलने के बाद भी वे रिहा नहीं हो पाये थे. लेकिन अब सोमवार को जमशेदपुर कोर्ट से ही बेल मिल गयी, जिसके बाद उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है. इस मामले में भाजपा नेता अभय सिंह के पक्ष में केस की पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश झा ने की और दलील दी कि इस मामले में कस्टडी में रखकर पूछताछ की स्थिति नहीं है. जो आरोपी है, वह केस को फेस करेंगे. इस मामले के आरोपियों को एडीजे 2 से पहले ही जमानत मिल चुकी है. इस कारण उनको जेल में नहीं रखा जा सकता है. इस बहस को सही मानते हुए कोर्ट ने जमानत प्रदान कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
क्या है जुगसलाई का मामला
शुक्रवार को जुगसलाई पुलिस ने अभय सिंह को श्रीरामनवमी जुलूस के दौरान जुगसलाई ग्वाला पट्टी रोड में पथराव करने, रेल चक्का जाम करने और गोलचक्कर जाम कर आगजनी करने के मामले में षड्यंत्रकारी बताते हुए नामजद किया है. जुगसलाई थाना प्रभारी ने कोर्ट में अभय सिंह को मामले में आरोपी बनाये जाने से संबंधी जानकारी लिखित रूप में प्रदान करायी. इसके बाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में प्रोडक्शन कराया गया. अभय सिंह की जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मामले में पेशी हुई. अदालत ने अभय सिंह से पूछा कि उनके वकील कौन हैं. अभय सिंह ने उनके मामलों में सुनवाई कर रहे दो अधिवक्ताओं का नाम कोर्ट को बताया. दंडाधिकारी ने नरेंद्र कुमार के बयान पर जुगसलाई थाना में ऋतिक साहू, नीरज साहू, रोहित, राजा सिंह, लड्डू सिंह, रवि सिंह, धनंजय, सुनील, सैजीत पटेल, विक्की यादव, कुणाल सिंह, प्रियंका सिंह, विष्णु साव समेत 500 अज्ञात पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला तीन अप्रैल को दर्ज किया था. पुलिस ने घटना के बाद 15 अप्रैल को विक्की यादव, शुभम शर्मा, अभिषेक साहू, आकाश सिंह, सोनू कुमार गुप्ता उर्फ चीकू गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. बाद में अदालत ने सभी को जमानत प्रदान कर दी थी. जुगसलाई थाना में दर्ज किये गये मामले का सुपरविजन वरीय अधिकारियों के निर्देश पर किया गया, जिसमें गवाहों के बयान पर यह बात सामने आयी कि घटना में भाजपा नेता अभय सिंह की भी संलिप्ता है. उनके खिलाफ साजिश रचने 120 बी समेत अन्य कई धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया. अब अभय सिंह को इस मामले में भी जमानत लेनी होगी.














