जमशेदपुर : पूर्व डीआइजी सह भाजपा नेता राजीव रंजन सिंह ने रविवार सुबह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सोनारी थाना क्षेत्र की निर्मल बस्ती, सिद्धू कान्हू बस्ती जैसी बस्तियों में का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने उक्त क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को जानने की कोशिश की. बस्ती वासियों ने उन्हें बताया कि उनकी बस्तियों में बिजली, पानी, नालियों की सफाई एवं शौचालय जैसी सुविधाएं आज भी उपलब्ध नहीं हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि जुस्को द्वारा पानी की पाइपलाइन तो बिछाई गई है किन्तु जुस्को के कनेक्शन के बाद भी विगत दो तीन महीनों से पानी नहीं आया है. बस्तीवासी मजबूर होकर घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित टीओपी से पानी लेने के लिए विवश हैं. जबकि जुस्को द्वारा नलों का कनेक्शन देने के लिए 9000 से लेकर 16000 रुपये तक वसूल किये गये हैं. बस्ती वासियों ने पानी के कनेक्शन के लिए दिये चुकाये पैसों की रसीद भी दिखाई. अधिकांश घरों में तो नल ही नहीं है, लेकिन बिना नल वाले घरों की कौन कहे, जिनके घरों में नल है उन्हें भी पानी नहीं मिल रहा है.(नीचे भी पढ़ें)

नाली में भी बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनके कारण भी स्थानीय लोगों को आये दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बस्तीवासियों ने यह भी बताया की गड्ढों में गिरने से कई बच्चों के पैर भी टूट चुके हैं. बिजली की समस्या भी बहुत बड़ी समस्या है. लोगों के घरों में बिजली नहीं है.(नीचे भी पढ़ें)

बस्तीवासियों की समस्याएं सुनने के बाद राजीव रंजन सिंह ने उन्हें उनकी समस्याओं के निदान के लिए उचित फोरम पर लिखित प्रयास का आश्वासन दिया. उन्होंने दुख जताया कि स्थानीय जन प्रतिनिधि के राज्य सरकार में काबीना मंत्री होते हुए भी यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं. एक शौचालय बना भी तो स्थानीय लोग उसका एक बार भी इस्तेमाल नहीं कर पाये हैं, क्योंकि वहां पानी की व्यवस्था नहीं है. उन्होंने कहा कि पानी के अभाव में दो वर्षो से शौचालय बंद है. शहरी क्षेत्र में भी हमारी माताओं, बहनों और बेटियों को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता है, यह बहुत ही दुखद स्थिति है. उन्होंने कहा कि इस पर जिला प्रशासन, जेएनएसी एवं जुस्को को तुरत संज्ञान लेना चाहिए.














