जमशेदपुर : कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज किए जाने के आरोपों और प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया है. भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का कोई बैंक अकाउंट फ्रीज नहीं हुआ है. लोकसभा चुनाव में अपनी निश्चित हार को देखते हुए कांग्रेस पार्टी और उनके नेतागण जनता को गुमराह करने के लिए झूठी बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन का ढोंग कर रहे हैं. उपरोक्त बातें जमशेदपुर महानगर के भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने सोमवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही. प्रेस वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री अनिल मोदी एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा मौजूद रहे. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने इनकम टैक्स की चोरी के समर्थन में कांग्रेस द्वारा किये गए धरना-प्रदर्शन पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का धरना प्रदर्शन ‘चोरी और सीनाजोरी’ का ज्वलंत उदाहरण है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक तो नियमों का पालन नहीं करती, जब एजेंसियां इसके लिए नोटिस देती हैं तो उसे अनदेखा करती है. अंत में जब कार्रवाई होती है, तो विक्टिम कार्ड खेलने लग जाती है। अगर आप नियमों का पालन नहीं करेंगे तो कार्रवाई होना ही है. सुधांशु ओझा ने कहा कि जब उच्च न्यायालय ने नियमानुसार कांग्रेस की याचिका को खारिज कर दिया, तो ये लोग अब जनता में झूठ फैलाने के लिए धरना-प्रदर्शन का सहारा ले रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस डबल डिजिट में सिमट कर रह गई थी, मगर ऐसे कारनामों के बाद, आने वाले चुनावों में कांग्रेस सिंगल डिजिट में ही रह जाएगी. जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि कांग्रेस आयकर विभाग के खिलाफ धरना कर रही है या उच्च न्यायालय के खिलाफ? क्योंकि कांग्रेस ने ही जब उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया तो उन्हें वहां से भी फटकार ही मिली. कांग्रेस अपने इस कृत्य से सिर्फ जनता को गुमराह कर रही है। आगे उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि हर पार्टी का यह कर्तव्य है कि वो देश के सर्वोच्च संवैधानिक संस्थानों का सम्मान करें, लेकिन कांग्रेस पार्टी सदैव इन संस्थानों का अपमान करती आई है. जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 60 साल तानाशाह की तरह राज किया. कांग्रेस केवल मेवा के लिए राज करना चाहती है, मगर भारतीय जनता पार्टी देश और जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहती है. देश की जनता कांग्रेस पार्टी के तौर-तरीकों से भली-भांति परिचित है. कांग्रेस ने केवल टैक्स की ही चोरी नहीं की, बल्कि 2004 से 2014 तक देश में बहुत से घोटालों को भी अंजाम दिया.




