
जमशेदपुर : झारखंड सरकार के खिलाफ भाजपा सड़कों पर उतर चुकी है. इसको लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रांची की मेयर आशा लकड़ा के साथ मिलकर राज्यपाल से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये. इसको लेकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपा गया और कार्रवाई करने की मांग की. इस दौरान राज्यपाल को राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया.
जमशेदपुर भाजपा चलायेगा आंदोलन
प्रदेश में हेमंत सोरेन के सत्ता संभालने के बाद झामुमो गठबंधन के पिछले 10 महीनों की सरकार के दौरान सूबे में आपराधिक घटना के साथ महिला अपराध एवं अत्याचार की घटना में बेतहाशा वृद्धि हुई है. भाजपा ने पूरे राज्य में समय-समय पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए शासन- प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है. विरोध के इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर अधीन सभी 28 मंडलों में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के मुखिया हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त करेंगे. सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस आशय की जानकारी देते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 10 माह के कार्यकाल झारखंड के लिए अभिशाप साबित हो रही है. हर क्षेत्र में फिसड्डी चल रही हेमंत सरकार महिला सुरक्षा के क्षेत्र में अकर्मण्य औऱ नकारा साबित हो रही है. प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के तमाम विरोध प्रदर्शनों के बावजूद दो दिन पूर्व दुमका में शर्मनाक घटना हुई. महिलाओं के साथ लगातार हो रहे दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के मामलों से पूरे देश में झारखंड शर्मसार हो रहा है. इन शर्मनाक घटनाओं पर कार्रवाई के बजाय मुख्यमंत्री समेत पूरी केबिनेट चिर निंद्रा में है. कहा कि इन घटनाओं के विरोध में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मंगलवार को जमशेदपुर महानगर के सभी मंडलों में शाम 5 बजे से मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करेंगे.





