जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत कल्याणनगर स्थित नाले से रविवार तड़के एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी राहुल के रूप में की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार युवक मूल रूप से आदित्यपुर का रहने वाला था और दो दिन पूर्व कल्याणनगर स्थित अपने चाचा-चाची के घर आया था. बीते दो दिनों से वह लापता था. रविवार सुबह उसका शव नाले से बरामद हुआ. युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया है. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.



