जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित गैस गोदाम के पास हेवन पैलेस के पीछे एक बंद पड़े मकान से शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक अक्सर इसी इलाके में घूमता दिखाई देता था, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है. आसपास रहने वाली एक महिला ने बताया कि क्षेत्र में सांपों का काफी आतंक रहता है, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत सांप के काटने से हुई हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले मानगो के दाईगुट्टू इलाके में भी एक नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है और न ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाया है.







