
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थानांतर्गत बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा के सेवादार बिरसानगर निवासी मंजीत सिंह के साथ मारपीट के मामले को रंगरेटा महासभा झारखंड ने गंभीरता से लिया है. इस मामले में महासभा के लोगों ने बुधवार को जमशेदपुर के डीएसपी, हेडक्वार्टर-1 से मुलाकात की. एक ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने डीएसपी को घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया है कि सेवादार मंजीत सिंह को गुरुद्वारा कमेटी वालों ने मारा-पीटा. वह भी इसलिए कि मंजीत सिंह को मिर्गी का दौरा पड़ता है. मंजीत सिंह से पूछताछ करने पर महासभा के लोगों को उन्होंने बताया है कि गुरुद्वारा में मत्था टेकने के लिए अंदर जा रहे थे. उसी वक्त अविनाश सिंह रिक्की, सरबजीत सिंह बिग्गु और सुरजीत सिंह ने मिल कर पटक-पटक कर मारा-पीटा. महासभा की ओर से बताया गया है कि मंजीत सिंह के बायें हाथ में चोट लगी है और खून निकल रहा है. उसके बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी को इस संबंध में फोन पर जानकारी देते हुए कार्रवाई करने की मांग की गयी. महासभा ने बताया है कि इस मामले में कांड संख्या 44/2021 दर्ज किया गया है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की गयी है. यदि दो दिनों के अंदर अविनाश सिंह और उसके साथियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो रंगरेटा महासभा सीतारामडेरा थाना का घेराव करेगा. डीएसपी से मुलाकात करने वालों में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह गिल समेत अन्य शामिल थे.













